गिरफ्तार अपराधियों की जानकारी देते वीरपुर एसडीपीओ।अपराधियों के पास से बरामद हथियार।
Supaul: सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र क्षेत्र अंतर्गत धर्मपट्टी निवासी 25 हजार रुपए के इनामी अंतर राज्यीय अपराधी प्रकाश कुमार को पुलिस ने उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किया गया है। प्रकाश जिले के टॉप 10 इनामी अपराधियों में शामिल था। पुलिस ने शुक्रवार को राघोपुर थाना क्षेत्र के धर्मपट्टी स्थित एनएच 27 किनारे से गिरफ्तार किया है। हालांकि, इस दौरान प्रकाश के तीन अन्य अपराधी साथी मौके से फरार हो गए। शनिवार को राघोपुर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि एसटीएफ पूर्णिया टीम ने सूचना दी थी कि धर्मपट्टी में एनएच 27 किनारे तिरूपति रोड लाईन्स से लगे एक गुमटी के पास प्रकाश कुमार अपने साथियों के साथ किसी बड़ी अपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। इस मामले में राघोपुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में टीम गठित कर एसटीएफ के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस दौरान अपराध की योजना बना रहे प्रकाश सहित पंजाब के लुधियाना निवासी अजय सिरगिल और उत्तर प्रदेश के अमरोल जिला के गजरौला थाना क्षेत्र निवासी राहुल सैनी को गिरफ्तार किया। वही अपराधियों से एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा, पांच हजार रुपए नगद व तीन मोबाइल बरामद किया गया। जबकि अन्य तीन अपराधी पुलिस को चकमा देकर भाग निकले।
*गिरफ्तार प्रकाश पर कई थानों में दर्ज है केस, फरार साथियों को भी तलाश रही पुलिस*
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी प्रकाश कुमार राघोपुर थाना कांड संख्या 07/2022 में वांटेड था। वह कई संगीन मामलों में शामिल रहा है। जिसमें लूट, छिनतई और अन्य अपराध शामिल हैं। उसके विरुद्ध त्रिवेणीगंज कांड संख्या 20/2022, राघोपुर थाना कांड संख्या 07/2022 सहित अररिया जिले के नरपतगंज थाना सहित और अन्य कई थानों में केस दर्ज है। इस छापेमारी अभियान में एसटीएफ पूर्णिया टीम सहित प्रभारी थानाध्यक्ष राघोपुर जैनेंद्र कुमार झा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। गिरफ्तार अपराधियों के विरुद्ध राघोपुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। आगे की जांच की जा रही है। फरार अपराधियों की तलाश जारी है।