जिला शिमला के बड़ा पानु गांव में रविवार दोपहर को आठ कमरों का दो मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मकान में आग लगी। उस समय घर पर कोई भी मौजूद नहीं था।
चिड़गांव के आंध्रा के बड़ा पानु गांव में रविवार दोपहर को आठ कमरों का दो मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया। दिवाली से पूर्व इस घटना में दो परिवार बेघर हो गए हैं। पटवारी हलका और नायब तहसीलदार ने मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को फौरी राहत दी है। बेघर हुए परिवारों को स्थानीय ग्रामीणों ने रहने की व्यवस्था की है। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मकान में आग लगी। उस समय घर पर कोई भी मौजूद नहीं था। आसपास के लोगों ने मकान से धुआं उठता देखा तो वे तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।
विज्ञापन
घटना की सूचना अग्निशमन केंद्र को भी दी गई, लेकिन मकान सड़क से काफी दूर था। दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। इस घटना में चमन लाल पुत्र बंसी लाल और दर्शन दास पुत्र हरी चंद के परिवार प्रभावित हुए हैं। दोनों एक साथ मकान में रहते थे। आग से दो मंजिला मकान के आठ कमरे और घर का सारा सामान जल गया है। प्रशासन ने 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। आंध्रा पंचायत के प्रधान गिरधारी लाल और शमशेर सिंह ठाकुर भी बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे थे। प्रशासन की ओर से चिड़गांव नायब तहसीलदार सुरेंद्र दांऊटू ने मौके पर दोनों परिवारों को 10-10 हजार रुपये की फौरी राहत दी है।
विज्ञापन
सापनी में दो मकान आग से राख
सापनी पंचायत के बटूरी गांव में शनिवार रात को दो मकान आग की भेंट चढ़ गए। इस घटना में दो परिवारों के छह कमरे और तीन गोशालाएं जलकर राख हो गईं। परिवार के सदस्य समय रहते बाहर निकल गए और मवेशियों को भी बाहर निकाल लिया, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, दोनों मकान में रखा सारा सामान जल गया है। सबसे पहले विद्यालाल नेगी के घर में अचानक आग लगी। इसके बाद साथ लगते विजेंद्र नेगी के दो कमरे और दो गोशालाएं भी आग की चपेट में आ गईं। आग लगने की भनक लगते ही सापनी और बटूरी गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। लकड़ी के मकान होने के कारण कुछ ही देर में आग ने दोनों मकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग बुझाने के कोई साधन नहीं थे। पानी भी सिर्फ पेयजल नल का ही था। इस कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। कुछ ही घंटों में दोनों परिवारों के सामने मकान जलकर राख हो गए। सूचना मिलते ही रविवार को थाना प्रभारी जय सिंह, चौकी प्रभारी कड़छम चंदन सिंह और राजस्व विभाग के पटवारी गोपाल भगत नेगी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
राजस्व विभाग के अधिकारी भी नुकसान का जायजा ले रहे हैं। एसपी अभिषेक एस ने बताया कि इस घटना में जानी नुकसान नहीं हुआ है। छानबीन की जा रही है। आग किस वजह से लगी है, इसके कारणों का पता लगाया जा रहा है। कल्पा के एसडीएम अमित कल्थाईक ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। नुकसान का आकलन कर उपायुक्त को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद दी जाएगी। किन्नाैर के दुर्गम क्षेत्रों में आग की घटना से दिवाली से पूर्व दो परिवार को भारी नुकसान हुआ है।
ढाक गांव में ग्रेडिंग-पैकिंग यूनिट में लगी आग, लाखों का नुकसान
उपमंडल रोहड़ू के ढाक गांव में गोविंद सिंह की ग्रेडिंग-पैकिंग यूनिट में शनिवार रात को आग लग गई। यूनिट में रखी लाखों रुपये की ग्रेडिंग-पैकिंग मशीन, भारी संख्या में क्रेटें, चार तरपाल, सेब पैकिंग ट्रे के कई बंडल और सेब भरने की पेटियां जलकर राख हो गईं। इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। यूनिट में आग लगने की सूचना स्थानीय लोगों ने फोन के माध्यम से यूनिट के मालिक को दी। स्थानीय लोंगों ने पानी डालकर कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। वहीं, राजस्व विभाग की टीम ने रविवार को घटनास्थल का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। राेहड़ू के एसडीएम धर्मेश रामोत्रा ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर जाकर आग से हुए नुकसान का अनुमान लगाया है। प्रभावित परिवार को फौरी राहत दी जाएगी।