एक साल में रोहड़ू और जुब्बल में दो दर्जन चोरी हुए ट्रांसफार्मर
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहडू। पुलिस और बिजली बोर्ड के लिए चुनौती बने बिजली के ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले आखिरकार हत्थे चढ़ ही गए। बिजली बोर्ड के ठेकेदार के पास काम करने वाले तीन मजूदरों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। एक साल में रोहड़ू और जुब्बल बिजली बोर्ड के डिविजन से करीब दो दर्जन ट्रांसफार्मर चोरी हो चुके हैं। जुब्बल पुलिस की पूछताछ के बाद आरोपियों को कोटखाई पुलिस के हवाले किया गया है।
पुलिस ने करीब एक सप्ताह पहले जुब्बल तहसील के घुंसा गांव में लगे ट्रांसफार्मर को चोरी करते तीन लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस रिमांड में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पूछताछ में पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को रोहड़ू न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से तीनों आरोपियों को कोटखाई पुलिस ने पूछताछ के लिए लिया है। खासकर सर्दियों में चोरी के अधिक मामले सामने आए हैं। उठाऊ पेयजल योजना, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट सहित सार्वजनिक स्थानों से भी बिजली के कई ट्रांसफार्मर चोरी किए हैं।
बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन के राज्य महामंत्री प्रशांत शर्मा ने कहा कि कई साल से ट्रांसफार्मर चोरी होने का सिलसिला जारी है। उन्होंने कहा कि एक साल में जुब्बल और रोहड़ू में दो दर्जन से अधिक ट्रांसफार्मर चोरी हुए हैं। इसकी पुलिस में भी रिपोर्ट दर्ज है।
प्रभारी जुब्बल चेतन चौहान ने कहा कि दो अगस्त की रात को तीन मजदूरों को घुंसा गांव में रंगे हाथों ट्रांसफार्मर चोरी करते पकड़ा है। पूछताछ में आरोपियों से कुछ सुराग मिले हैं। पुलिस उसके आधार पर जांच कर रही है।