रोहडू़। क्षेत्र के प्रसिद्ध हाटकोटी मंदिर में रविवार को दूसरे नवरात्र के दिन हजारों श्रद्धालुओं का ने शीश नवाया। रविवार सुबह से ही दुर्गा माता मंदिर परिसर माता के भजनों गूंजता रहा। क्षेत्र के दूर दराज क्षेत्र के से लोग हाटकोटी पहुंचकर माता के मंदिर में माथा टेकने पहुंच रहे हैं। मंदिर न्यास कमेटी की ओर से लोगों की सुविधा के लिए सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
नवरात्र के दूसरे दिन सुबह से ही मंदिर प्रांगण में दर्शनों के लिए आए भक्तों की कतार लगाना शुरू हो गईं। मंदिर परिसर में कोरोना महामारी के दो साल के बाद मेले में दुकानें भी सजीं। इस दौरान लोगों ने जमकर खरीदारी भी की। नवरात्र के लिए मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिर में हर नवरात्र में पूरा दिन भंडारे का आयोजन भक्तों की ओर से चल रहा है। मंदिर में दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
रविवार को राजेंद्र छाजटा, यशवंत छाजटा की ओर से मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया था। मंदिर के बाहर सड़कों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस के जवान तैनात किए हैं। भंडारी भवानी दत्त शर्मा ने बताया कि लोग माता के दरबार में पहले मुराद लेकर आते हैं और मन्नत पूरी होने पर परिवार सहित दोबारा माथा टेकने पहुंचते हैं। उन्होंने कहा पूरे नौ दिनों तक लोगों की ओर से यहां लंगर की व्यवस्था की गई है।
हिमाचल और उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों से लोग नवरात्रों में यहां पहुंचते हैं। मंदिर न्यास के अध्यक्ष और एसडीएम रोहडू़ सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि मंदिर न्यास के सभी सदस्यों और विभागों के कर्मचारियों को व्यवस्था की अलग-अलग जिम्मेवारियां सौंपी गई है। नौवीं तक प्रशासन की ओर से भक्तों की भीड़ के लिए पुख्ता इंतजाम के लिए कहा गया है।