घुंडा भडे़च पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते विधायक रोहित ठाकुर।
रोहड़ू। जुब्बल-कोटखाई में गत वर्षों से लंबित पेयजल और सिंचाई योजनाओं के कार्यों को गति दी जा रही है। क्षेत्र में जितने भी विकास कार्य लंबित हैं वह तेजी से शुरू किए जा रहे हैं। यह बात विधायक रोहित ठाकुर ने घुंडा भडे़च पंचायत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही।
रोहित ने कहा कि घुंडा और साथ लगते क्षेत्रों के लिए गिरी उठाऊ पेयजल योजना चार वर्षों से लंबित पड़ी थी। इसे अब विधायक प्राथमिकता में डाल 3.94 करोड़ की डीपीआर बनाकर शीघ्र टेंडर लगा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक प्राथमिकता से वित्त पोषित गिरी उठाऊ पेयजल योजना से घुंडा, जबरोग, चटोली, कोटी और साथ लगते गुम्मा पंचायत के क्षेत्र की जनता भी लाभान्वित होगी।
उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत 8.20 करोड़ से बनने वाली हिमरी-घुंडा सिंचाई योजना को जल्द ही जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। जुब्बल कोटखाई में पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 63 करोड़ की स्वीकृत सिंचाई योजनाएं धरातल पर दिखाई देनी शुरू हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि घुंडा पंचायत के अंतर्गत बगोड़ी-घुंडा वाया चटोली-जबरोग संपर्क मार्ग की पिछले चार वर्षों से पासिंग लंबित थी। इसकी औपचारिकताएं पूरी कर पिछले दिनों ही जनता को समर्पित कर दिया है। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, एलएमबी बैंक के निदेशक देविंदर नेगी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कंवर मदन सिंह, पंचायत समिति अध्यक्ष रेखा चौहान, घुंडा भडे़च पंचायत प्रधान बृजेश कंवर, हिमरी पंचायत के प्रधान सुनील चौहान, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष कपिल ठाकुर भी उपस्थित रहे।