ऑक्सीजन सपोर्ट के मरीजों की बढ़ी दिक्कतें
एक मरीज अपना घर छोड़ दूसरे गांव में किराये के कमरे में रह रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग उपमंडल की क्यार पंचायत के मातली, नाल्टू, डुल्लू और नमाना क्षेत्रों में बिजली संकट लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र का ट्रांसफार्मर जले हुए दो महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक बिजली व्यवस्था पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई है। इसके चलते लोगों के दैनिक कार्यों के साथ-साथ मरीजों को भी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्यार पंचायत के पूर्व उप प्रधान नरेश शर्मा और कलाहर निवासी विवेक शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में कुछ ग्रामीणों को अपनी बीमारी के चलते नियमित रूप से ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत पड़ती है। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित और वोल्टेज की कमी के कारण ऑक्सीजन मशीनें नहीं चल पा रही हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों की चिंताएं बढ़ गई हैं। उन्होंने बताया कि एक मरीज को मजबूरन अपना घर छोड़ कर दूसरे गांव में किराये पर कमरा लेकर रहना पड़ रहा है, ताकि उसे आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से बिजली संकट बने रहने से आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
ट्रांसफार्मर गारंटी समय सीमा में ही जल गया था, जिसे बदलने के लिए कंपनी को भेजा गया है। वोल्टेज की कमी और अन्य समस्या उनके संज्ञान में लाई गई है, जिसका जल्द समाधान किया जाएगा। विनीत शर्मा, सहायक अभियंता, विद्युत बोर्ड, सैंज उपमंडल