जोखिम भरी सड़क पर मिलेगी बेहतर यातायात सुविधा, जल्द शुरू होगा कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)।
ठियोग-हाटकोटी सड़क पर सफर करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से सड़क पर बने गड्ढों और कई स्थानों पर खराब सड़क की समस्या से जूझ रहे वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। सड़क की स्थिति सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग विंग ने 7.4 करोड़ रुपये का टेंडर आमंत्रित किया है। इसके तहत सड़क के खराब हिस्सों की मरम्मत, रखरखाव और पैचवर्क का कार्य किया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू करने की तैयारी है। ठियोग से हाटकोटी तक सड़क के कई हिस्सों की हालत ठीक नहीं है। विशेषकर, छैला से हाटकोटी के बीच जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। इन गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आवाजाही के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ठियोग-हाटकोटी सड़क के रखरखाव के लिए 7.4 करोड़ रुपये का टेंडर आमंत्रित किया गया है। सड़क के कई हिस्सों की स्थिति ठीक नहीं है। ऐसे स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां मरम्मत की आवश्यकता है। इन हिस्सों को दुरुस्त करने के लिए रखरखाव और पैचवर्क का कार्य किया जाएगा। सड़क की खराब स्थिति को सुधारने के लिए विभाग की ओर से आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य जल्द शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
- दिवेश ठाकुर, अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग