उपसमितियों की बैठक में तैयारियों पर चर्चा, नशा मुक्त समाज का दिया जाएगा संदेश
विज्ञापन
पारंपरिक वेशभूषा में महिला मंडल स्थानीय संस्कृति की झलक पेश करेंगे संवाद न्यूज एजेंसी रोहड़ू।
राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले को लेकर मंगलवार को चांशल सम्मेलन कक्ष में बैठक हुई। अध्यक्षता एसडीएम एवं मेला समिति के अध्यक्ष धर्मेश रामोत्रा ने की। मेले की उपसमितियों के सदस्यों के साथ आयोजन पर चर्चा की गई। बैठक में बताया कि देवता शिखड़ू महाराज की शोभायात्रा के साथ राज्य स्तरीय रोहड़ू मेला शुरू होगा। शोभायात्रा में पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि के साथ बजंतरी दल मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अलावा महिला मंडल पारंपरिक वेशभूषा में स्थानीय संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत करेंगे। डोडरा-क्वार क्षेत्र से भी सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया जाएगा, जिससे मेले की भव्यता और बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले को नशा मुक्त समाज के संदेश से जोड़ा जा रहा है। मेले में प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। रामलीला मैदान में आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। बैठक में डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान सहित विभिन्न उपसमितियों के सदस्य उपस्थित रहे। सभी से सुझाव आमंत्रित किए गए ताकि इस वर्ष का मेला अधिक आकर्षक, सुरक्षित और यादगार बनाया जा सके।
‘मिस चांशल’ प्रतियोगिता भी होगी
मेले में पारंपरिक परिधानों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मिस चांशल’ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें प्रतिभागी अपनी सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेंगी। इसके अलावा सांस्कृतिक संध्याओं के माध्यम से स्थानीय कला और लोक परंपराओं को मंच मिलेगा। खाद्य प्रेमियों के लिए फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न राज्यों के प्रतिभागी अपने पारंपरिक व्यंजनों की प्रस्तुति देंगे। साथ ही ‘रोहड़ू मोटर एडवेंचर फेस्ट’ का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश सहित अन्य राज्यों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिकतम पौधे लगाने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।