ग्रामीणों को करना पड़ रहा परेशानियों का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई तहसील के अंतर्गत पटवार सर्कल पनोग में पटवारी न होने से स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बीते दो वर्षों से पटवार सर्कल पनोग में पटवारी का पद रिक्त है। कभी-कभी दूसरे स्थान से डेपुटेशन पर पटवारी भेजा जाता है, लेकिन नियमित पटवारी न होने से लोगों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पनोग पंचायत प्रधान रजनी चौहान, उपप्रधान रविंद्र चौहान, दलीप जस्टा, राजेश चौहान, बोधराज, रिंकू घालटा, विपुल चौहान, निशांत घालटा और हरीश घालटा ने बताया कि दो साल से पटवार सर्कल में पटवारी नहीं है। डेपुटेशन पर कभी-कभी पटवारी भेजा तो जाता है, लेकिन पिछले कुछ समय से पटवारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। उसके बाद से पटवारी भी डेपुटेशन पर नहीं आ रहा है। पनोग पंचायत के लोगों को पटवारी न होने के कारण समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीण दो माह पूर्व उपायुक्त शिमला से भी मिले थे। उपायुक्त ने एसडीएम कोटखाई को समस्या का समाधान करने के लिए पत्र भी लिखा था, लेकिन दो माह बीत जाने के बाद अभी तक पनोग पटवार सर्कल के लिए पटवारी नहीं भेजा गया। उन्होंने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी से मांग की है कि जल्द पटवार सर्कल पनोग में पटवारी के रिक्त पद को भरा जाए।
जल्द होगी नियुक्ति
कार्यवाहक एसडीएम कोटखाई ललित कुमार ने बताया कि पटवारी की कमी के कारण वहां पर नियमित पटवारी नहीं है। जैसे ही रिक्त पद भरे जाएंगे वैसे ही रेगुलर पटवारी रखा जाएगा।