रोहडू। सेब सीजन के लिए प्रदेश के बाहर से मजदूरों को लाने के लिए टैक्सी ऑपरेटरों की लूट को लेकर उपमंडल प्रशासन सख्त हो गया है। एसडीएम ने मामला सामने आने पर कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए हैं। सोमवार को टैक्सी ऑपरेटरों को तलब किया जाएगा। प्रशासन की पहल के बाद बागवानों को लूट से छूट की उम्मीद बंधी है।
अमर उजाला ने टैक्सी ऑपरेटरों की लूट का मामला रविवार को प्रमुखता से उठाया। मामला सामने आने के बाद एसडीएम रोहडू बीआर शर्मा ने कार्रवाई के आदेश किए हैं। इसके लिए रोहडू, जुब्बल, चिड़गांव सहित उपमंडल के तहसीलदारों को जांच करने के निर्देेश दिए गए हैं। गौर हो कि सीजन के लिए प्रदेश के बाहर से बुलाए जा रहे मजदूरों को टैक्सी वाले खूब लूट रहे हैं। कोरोना संकट के दौर में पांच हजार रुपये के रूट का टैक्सी वाले पंद्रह हजार रुपये किराया मांग रहे हैं। सरकार की ओर से सेब सीजन निपटाने के दावे की शुरू में ही पोल खुल रही है। इसकी बागवानों की ओर से एसडीएम को शिकायत भी की गई है। सेब सीजन के लिए प्रदेश के बाहर से आने वाले मजदूरों को पहुंचाने के लिए एसडीएम कार्यालय को पास के लिए आवेदन करते समय मजदूरों को लाने के लिए भेजे जाने वाले वाहन का नंबर अंकित करने पर ही सरकार की ओर से पास जारी होता है। ऐसे में बागवानों को प्रदेश के बाहर से मजदूर मंगवाने से पहले टैक्सी का प्रबंधन करने के बाद ही पास में वाहन नंबर भरा जाता है। ऐसे में टैक्सी वाले खूब चांदी कूट रहे हैं। मजदूरों को बगीचों तक पहुंचाने के लिए सरकार की ओर से टैक्सी किराये की कोई दरें निधार्रित नहीं हैं।
एसडीएम रोहड़ू बीआर शर्मा ने कहा कि मामला सामने आने के बाद सोमवार को इस पर कार्रवाई की जा रही है। तहसीलदारों को भी इस मामले में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश जारी किए जा रहे हैं।