बाल्टीधार गांव में पेयजल के लिए परेशान ग्रामीण।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। उपतहसील तकलेच के बाल्टीधार गांव में एक माह से ग्रामीण पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। पर्याप्त पेयजल के बावजूद लोगों पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं। विभागीय कर्मचारी के लापरवाही के कारण ग्रामीण पेयजल से महरूम हैं। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द समस्या का समाधान कर पेयजल मुहैया करवाने की मांग की है।
गौरतलब है कि तकलेच पंचायत के बाल्टीधार गांव में एक माह ग्रामीण पेयजल के लिए तरस रहे हैं। गांव के करीब छह दर्जन से अधिक परिवार आधे घंटे का सफर तय कर प्राकृतिक स्रोत से पानी ढोने के लिए मजबूर हैं। गांव के लिए जिस पेयजल स्रोत से पानी जोड़ा गया है, वहां पेयजल की कमी नहीं है। इसके बावजूद ग्रामीण बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं। पेयजल किल्लत के चलते ग्रामीणों के रोजाना के काम भी प्रभावित हो रहे हैं। सबसे ज्यादा समस्या पशु के लिए पानी उपलब्ध करवाने की हो रही है। एक माह से विभागीय लापरवाही ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है।
ग्रामीण दिगु ठाकुर, शीटू भलूनी, राजेश कुमार, दिनेश भलूनी, रमेश चंद, संजीव कुमार, मोहन लाल, योगराज, प्रकाश भलूनी, सुरेंद्र सिंह सहित ग्रामीणों ने कहा कि विभाग के फिटर की लापरवाही से ग्रामीण पेयजल से वंचित हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस है। उन्होंने आईपीएच से जल्द समस्या का समाधान कर ग्रामीणों को पेयजल मुहैया करवाने की मांग की है।
एसडीओ तकलेच यशपाल ठाकुर ने बताया कि ग्रामीणों ने समस्या से अवगत कराया है। जेई को दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। जल्द ही ग्रामीणों की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।