सांगला(किन्नौर)। जिले के कल्पा खंड के ब्रुआ गांव में 55 वर्षीय एक व्यक्ति ने पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। यह व्यक्ति एक सप्ताह पहले ब्रुआ में चरान का काम करने के लिए अपने बेटे के साथ जम्मू-कश्मीर से पहुंचा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस थाना सांगला से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को ब्रुआ गांव के कुलयारिंग में बिशु राम (55) गांव डल, डाकघर मसेड़ी, तहसील बिलोरी, जिला कठुआ, जम्मू-कश्मीर ने दोपहर के समय पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। एक सप्ताह पूर्व वह अपने बेटे के साथ ब्रुआ निवासी राकेश नेगी के घर पर टीडी का पेड़ काटने के लिए आया था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बिशु राम का बेटा रणजीत सिंह मशीन के लिए पेट्रोल लाने रिकांगपिओ गया था। इसी बीच बिशु राम ने अपने भाई अमरीक को फोन पर संपर्क कर कहा कि मैं बहुत परेशान हूं। इसके बाद मृतक का भाई जो जिले के कनई में चरान का काम करता था, ने उसके बेटे रणजीत से बातचीत की। इसी दौरान बिशु राम ने फोन उठाना बंद कर दिया। ग्रामीणों ने देखा कि किसी व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ है। ब्रुआ पंचायत प्रधान भूपेंद्र सिंह ने इसकी सूचना पुलिस चौकी कड़छम को दी। सूचना मिलते ही डीएसपी भावानगर राजु, थाना प्रभारी सांगला सोहन लाल मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सांगला अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव मृतक के छोटे भाई अमरीक और बेटे रणजीत को सौंपा गया।
एसपी किन्नौर एसआर राणा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया जा रहा है कि मृतक के बाजू में चोट लगी थी और बैंक से लिए लोन के कारण वह अकसर परेशान रहता था।