रोहड़ू। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय, सरस्वती नगर में बी.वोक. विभाग, कॅरिअर काउंसिलिंग सेल और कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), रोहड़ू के संयुक्त तत्वावधान में युवा कृषि स्किल कनेक्ट-2026 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि, बागवानी और डिजिटल कृषि सेवाओं से जोड़कर कौशल आधारित शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम महाविद्यालय और कृषि विज्ञान केंद्र, रोहड़ू के बीच हुए एमओयू के तहत आयोजित गतिविधियों की शृंखला का हिस्सा था। इसमें बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए तथा बी.वोक. (रिटेल मैनेजमेंट एवं टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट) के विद्यार्थियों ने भाग लिया। मुख्य वक्ता के रूप में कृषि विज्ञान केंद्र, रोहड़ू की वैज्ञानिक डॉ. शिखा भागटा ने आधुनिक बागवानी तकनीकों, वैज्ञानिक खेती, फसलों में रोग एवं कीट प्रबंधन तथा पौध संरक्षण रसायनों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने किसानों और बागवानों के लिए उपयोगी किसान सारथी मोबाइल ऐप की विशेषताओं से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सहायक प्रोफेसर मनमोहन सिंह तथा कार्यक्रम समन्वयक कुश भारद्वाज ने विशेषज्ञ टीम का स्वागत किया। संवाद