पीएमश्री आनी में स्वयंसेवियों जांच शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी में स्वास्थ्य शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ब्लड ग्रुप जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राष्ट्रीय सेवा योजना में नामांकन के इच्छुक स्वयंसेवियों सहित अन्य विद्यार्थियों के रक्त समूह की जांच की गई।
शिविर का संचालन विद्यालय की हेल्थ केयर वोकेशनल ट्रेनर यामिनी शर्मा ने किया। इस दौरान हेल्थ केयर ट्रेड के विद्यार्थियों को लैब उपकरणों के उपयोग और रक्त जांच की व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। विद्यार्थियों ने स्वयं प्रक्रिया को समझते हुए सक्रिय भागीदारी निभाई। यामिनी ने विद्यार्थियों को रक्त समूह जानने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में ब्लड ग्रुप की जानकारी जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में कॅरिअर बनाने वाले विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार का अनुभव बेहद उपयोगी होता है।
शिविर के बाद विद्यार्थियों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड अपडेट किए गए, ताकि भविष्य में उनके स्वास्थ्य कार्ड में सटीक जानकारी उपलब्ध रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों के प्रति गहरी रुचि दिखाई।