संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)।
दुर्गम क्षेत्र सरपारा को जोड़ने वाली समेज-सरपारा सड़क को छोटे वाहनों के बहाल कर दिया गया है। अब छोटी गाड़ियां, एंबुलेंस, पिकअप और कैंपर वाहनों की आवाजाही शुरू होने से हजारों ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। सरपारा सड़क पानी गांव के पास 16 दिन से बस और बड़े वाहनों के लिए बंद पड़ी है। शुक्रवार रात को भूस्खलन के कारण सड़क और धंस गई थी। इस कारण छोटे वाहनों के लिए भी सड़क बंद हो गई थी, जिससे सरपारा की छह पंचायतों का उपमंडल से पूरी तरह संपर्क कट गया था। अब रविवार को छोटे वाहनों के लिए सड़क बहाल होने से छह गांवों की हजारों की आबादी को आंशिक राहत मिली है। बड़े वाहनों के लिए अभी तक सड़क बहाल न होने से मुश्किलें बरकरार हैं। वहीं, क्षेत्र में सेब सीजन भी शुरू होने वाला है। ऐसे में हजारों लोगों सहित किसानों-बागवानों की परेशानी बढ़ सकती है। सेब सीजन भी सिर पर है। ऐसे में देश की विभिन्न मंडियों में सेब को पहुंचाना चुनौती बन सकता है।
धंसती जा रही सड़क से फिर यातायात बंद होने का डर
रविवार को लोक निर्माण विभाग ने छोटे वाहनों के लिए सड़क को खोल दिया है। हालांकि, बहुत ज्यादा भूस्खलन होने से बड़े वाहनों के लिए सड़क खोलने के लिए अभी काफी समय लगेगा। गांव पानी की खड्ड में पानी का बहाव बढ़ने से भूमि कटाव निरंतर होने से सड़क नीचे धंसती जा रही है। अभी भी ग्रामीणों को डर है कि सड़क फिर बंद हो सकती है और यातायात पूरी तरह से ठप हो सकता है। इस सड़क पर लंबे समय से खतरा बना हुआ है, लेकिन स्थायी सुरक्षा के प्रबंध नहीं हो पाए।
विभाग ने छोटे वाहनों के सड़क खोल दी है। एंबुलेंस और दूसरे छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू करवा दी गई है। बस और बड़े वाहनों के लिए सड़क को खोलने में समय लगेगा। सड़क काफी नीचे से धंस गई है। - राहुल , एसडीओ, लोक निर्माण विभाग सराहन