रामपुर बुशहर। वैश्विक महामारी कोरोना संकट के बीच अब धीरे-धीरे जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। रामपुर में जहां पहले लेफ्ट-राइट नियम के तहत बाजार की दुकानें खोली जा रही थीं, वहीं अब अनलॉक 1.0 में सभी दुकानों को खोलने की अनुमति दे दी गई है। हालांकि, कर्फ्यू के दौरान बढ़ाई गई समय सीमा की ढील से भी लोगों ने राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच पहले पूरी तरह सभी व्यावसायिक परिसरों समेत दुकानों को बंद कर दिया गया था, लेकिन अब लॉकडाउन में ढील का समय और आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को खोलने का समय बढ़ा दिया गया है। अब दुकानों को लेफ्ट-राइट नियम के मुताबिक खोलने की व्यवस्था भी खत्म हो गई है। हालांकि, प्रशासन ने दुकानदारों को दुकानों में सैनिटाइजेशन की उचित व्यवस्था करने और संक्रमण से बचने के लिए सभी तरह के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, लोगों को घरों से बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल करने और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की सख्त हिदायत दी जा रही है। हालांकि, अधिकतर लोग सरकार की ओर से जारी दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन कर रहे हैं। एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने बताया कि कर्फ्यू में ढील का समय अब सुबह 10 से शाम 7 बजे तक रहेगा। दूध, सब्जी सहित अन्य आपात सेवाओं से जुड़े लोग सुबह 6:30 बजे से कार्य कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि अब रामपुर बाजार में सभी दुकानें खुल सकेंगी। व्यापारियों को संक्रमण से बचाव के सभी पुख्ता प्रबंध करने होंगे। नियमों की अवहेलना करने वालों पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।