आनी (कुल्लू)। विद्युत मंडल आनी कर्मचारी यूनियन ने दफ्तर के बाहर मांगों को लेकर काले बिल्ले लगाकर केंद्र सरकार का विरोध जताया है। हिमाचल विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष झाबेराम शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार बिजली बिल 2020 को लागू करने जा रही है, जिसके लिए केंद्र सरकार ने देश के सभी राज्यों से विद्युत बोर्ड और विद्युत कंपनियों की रिपोर्ट मांगी है। शर्मा ने कहा कि देश में विद्युत बोर्ड को 2003 में 30,000 करोड़ का घाटा हुआ था जो अब 17 साल बाद 8 लाख करोड़ पहुंच गया है। अगर केंद्र सरकार बिजली बिल 2020 को लागू करती है तो विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों और उपभोक्ताओं को नुकसान होगा। इससे पहले भी केंद्र सरकार ने विभिन्न राज्यों से राय मांगी थी। इसके जवाब में 20 राज्यों ने बिजली बिल 2020 का विरोध किया था। झाबेराम और मदनलाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन इस बिल का कड़ा विरोध करती है।