64 ग्राम चिट्टे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
जिला शिमला में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार नकेल कस रहे पुलिस अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस थाना पश्चिम शिमला की टीम ने 10 मई 2026 को तारादेवी-टुटू बाईफरकेशन के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार को रोका। तलाशी में 64 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया। साथ ही कार से नकद राशि भी जब्त की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शोघी की ओर से दो व्यक्ति भारी मात्रा में चिट्टा लेकर शिमला आ रहे हैं, जिसे वे यहां स्थानीय युवाओं को बेचने वाले थे। सूचना पर स्पेशल सेल शिमला की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को रोक लिया। आरोपियों की
- पहचान कर्ण (35 वर्ष), निवासी कलस्टन, शिमला
- कर्ण वर्मा (30 वर्ष), निवासी ठियोग, जिला शिमला
दोनों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 एवं 29 के तहत थाना पश्चिम शिमला में अभियोग संख्या 83/2026 दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को सोमवार को माननीय अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चिट्टे की यह खेप कहां से आई थी और इसका नेटवर्क क्या है। पुलिस ने अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत सूचित करें।