युवक मंडल पंद्रह-बीस क्याव की टीम बनी उपविजेता
मून लाइट यूथ क्लब ज्यूरी ने गणतंत्र दिवस पर खेलकूद प्रतियोगिता का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। ज्यूरी में वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। श्रीखंड कैलाश छड़ी यात्रा ज्यूरी के प्रधान सुदर्शन सहगल ने इसमें बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेताओं को पुरस्कार बांटे।
मून लाइट यूथ क्लब ज्यूरी की ओर से गणतंत्र दिवस पर मेमोरियल पार्क ग्राउंड में पंचायत वाइज वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र की 16 टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का फाइनल मैच शहीद पवन धंगल यूनाइटेड क्लब ज्यूरी और क्याव पंद्रह-बीस की टीमों के मध्य हुआ। इसमें ज्यूरी की टीम ने क्याव की टीम को सीधे सेटों में तीन शून्य से हरा प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
सुदर्शन सहगल ने विजेता टीम ज्यूरी को ट्रॉफी और 25 हजा नकद इनाम दिया। उपविजेता क्याव की टीम को 12 हजार नकद और ट्रॉफी दी गई।
सुदर्शन सहगल ने मून लाइट यूथ क्लब को युवाओं को नशे से दूर रखने के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर सुनील शर्मा सचिव व्यापार मंडल ज्यूरी, तुंगेशेवर शर्मा, सुनील गुप्ता, जगदीश वर्मा, प्रधान हेमंत वर्मा, सचिव गजेंद्र छेत्री, हरीश खन्ना, सुंदर खोजान, दीपक लश्टी, महेंद्र कुमार सहित सभी सदस्यों ने भाग लिया।