जल शक्ति विभाग 1.39 करोड़ से करेगा प्लांट का निर्माण, एक वर्ष के भीतर पूरा होगा कार्य, तीन हजार से अधिक की आबादी होगी लाभान्वित
बीरबल नेगी
सांगला(किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर का प्रमुख पर्यटन स्थल सांगला जल्द ही सीवरेज प्रणाली से जुड़ेगा। जल शक्ति विभाग 1.39 करोड़ रुपये से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण करेगा। एक वर्ष के भीतर इस योजना का कार्य पूरा होगा। इस योजना से सांगला पंचायत की तीन हजार से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा। ट्राईबल एरिया डेवलपमेंट सब प्लान के तहत सांगला पंचायत के बरचो क्षेत्र में जल शक्ति विभाग एक करोड़ 39 लाख की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण करेगा। यहां विभाग स्क्रिनिंग बार, ग्रीन चेंबर, इकोलाइजेशन टैंक, सेटलिंग टैंक और फिल्टर यूनिट का निर्माण किया जाएगा।
इस प्लांट से सांगला पंचायत के तीन हजार से अधिक ग्रामीण लाभान्वित होंगे, जबकि योजना के तहत 641 घरों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। जल शक्ति विभाग ने योजना निर्माण के टेंडर अवॉर्ड कर दिया है। जल्द ही योजना का कार्य शुरू होगा। प्लांट निर्माण से क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी। जल शक्ति विभाग ने योजना के निर्माण कार्य को एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। निर्माण पूरा होते ही पंचायत के हजारों ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमेश नेगी, पूर्व प्रधान सांगला सचिन नेगी, सांगला वैली कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अंकुश नेगी, उपाध्यक्ष विनेश नेगी, शशिकांत नेगी, सचिव संदीप नेगी ने राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी का आभार जताया है।
सांगला पंचायत को जल्द ही सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ा जाएगा। करीब 1.39 करोड़ रुपये की लागत से प्लांट का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा किया जाएगा। उसके बाद पर्यटन स्थल सांगला के लोगों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
- अभिषेक शर्मा, एक्सईएन, जल शक्ति विभाग रिकांगपिओ
-संवाद