केंद्रीय विद्यालय में पुस्तक प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए प्राचार्य संजी
छात्रों से राजभाषा हिंदी को बढ़ावा देने का किया आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। केंद्रीय विद्यालय रिकांगपिओ में हिंदी पखवाड़ा मनाया जा रहा है। बुधवार को पुस्तकालय में हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य संजीव राणा ने किया। प्राचार्य संजीव राणा ने छात्रों को अपने पुस्तकालय में उपलब्ध हिंदी पुस्तकों को पढ़ने के लिए प्रेरित किया, ताकि उनमें पढ़ने की आदतें विकसित हो सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य हमारी संस्कृति और छात्रों के बीच हिंदी भाषा के प्रसार को प्रोत्साहित और सशक्त बनाने के साथ साथ छात्रों को जागरूक करना है कि उनके अपने पुस्तकालय में कितनी अच्छी हिंदी किताबें हैं, ताकि छात्र हमारी राजभाषा हिंदी के साथ-साथ अपने स्कूल के पुस्तकालय में उपलब्ध अन्य भाषाओं में पढ़ने की आदत विकसित करें। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शिक्षकों ने दोपहर के भोजन के बाद कक्षा 1 से 12 तक की कक्षाओं में अपने छात्रों के साथ दौरा किया। लाइब्रेरियन जगजीत कौर ने भी सभी कक्षाओं के छात्रों को हिंदी भाषा को बढ़ावा देने और हिंदी भाषा में काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने छात्रों से हिंदी भाषा में अधिक किताबें पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। - संवाद