कैबिनेट मंत्री ने निरमंड में राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
प्रतियोगिता में 624 छात्र और 624 छात्राएं ले रहीं भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। निरमंड में कॉलेज भवन निर्माण और सीवरेज योजना को सरकार प्राथमिकता के तौर पर पूर्ण करेगी। कॉलेज भवन निर्माण के लिए मुख्यमंत्री से विचार-विमर्श के बाद जल्द टेंडर लगाए जाएंगे। इसी तरह निरमंड की प्रस्तावित 28 करोड़ की सीवरेज योजना को भी शहरी विकास विभाग जल्द सिरे चढ़ाएगा। यह बात लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य ने निरमंड के पीएम श्री राजमाता शांति देवी राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में आयोजित अंडर-19 छात्र एवं छात्रा की 65वीं राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर कही। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से पहुंचे 624 छात्र और 624 छात्राएं प्रतियोगिता में प्रतिभा के जौहर दिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हमारी वेशभूषा, रहन सहन, खान पान और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए आवश्यक है। उन्होंने सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र और छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी प्रस्तुति की सराहना भी की। उन्होंने छात्राओं के दल को प्रस्तुति के लिए पांच पांच हजार रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसके लिए शिक्षा विभाग ने अनेक कदम उठाए हैं। आगामी समय में भी सरकार सुधार के कदम उठाती रहेगी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से मातृभाषा को प्रोत्साहन देने की अपील भी की।
विक्रमादित्य ने आनी और निरमंड क्षेत्र में सड़कों के विकास कार्य पूर्ण करने और अन्य विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें आयोजकों, स्थानीय महिला मंडलों और नगर पंचायत की ओर से सम्मानित भी किया गया। उन्होंने पाठशाला में हो रहे कार्यक्रम के लिए 51 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की भी घोषणा की।
इस मौके पर एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह, डीएसपी चंद्रशेखर कायथ, एडीपीओ राज्य मुख्यालय संतोष चौहान, तिलक विजरवान, उप निदेशक शिक्षा कुल्लू अमर चौहान और किशोरी लाल सहित कई अन्य मौजूद रहे।