रोहड़ू। एक सप्ताह में हिमाचल पथ परिवहन निगम के एक अन्य चालक का दूसरा वीडियो वायरल हुआ है। दूसरे वीडियो में चालक सोशल मीडिया पर बस अड्डा प्रभारी और एक अन्य व्यक्ति का नाम लेकर जान से मारने की धमकी का आरोप लगा रहा है। इससे पहले थरोच से रोहड़ू की ओर आ रही निगम की बस के चालक ने एक कार की छत पर चढ़कर खूब हुड़दंग मचाया, बाद में पुलिस चौकी में पैर पर सिर रख की माफी मांगी थी।
परिवहन निगम के रोहड़ू डिपो में तैनात बस का चालक अपने वीडियो में परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री से मांग करता नजर आ रहा कि भाजपा सरकार में उसका मंडी से रोहड़ू के लिए तबादला किया गया। उसके एक बेटे का सड़क हादसे में देहांत हो चुका है। अब रोहड़ू में बस अड्डा प्रभारी और कुछ अन्य लोग हर रोज उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। चालक इस वीडियो में एक व्यक्ति का नाम भी ले कर उस पर आरोप लगा रहा कि धमकी मिल रही है कि यहां से बोरी में पैक होकर ही वापस भेजे जाते हैं। चालक का वायरल वीडियो परिवहन निगम प्रबंधन के ध्यान में भी पहुंच चुका है। निगम की ओर से इसे अभी गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। बताया जा रहा कि जिन लोगों के इस वीडियो में नाम सामने आ रहे हैं वे सभी चालक परिचालक संघ में कई पदों पर हैं। कर्मचारी संगठन के दबाव में मामले को शांत करने का प्रयास चल रहा है।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक राजेंद्र शर्मा ने कहा कि उच्च अधिकारियों ने इस मामले में जवाब मांगा है। उन्होंने कहा आरोप लगाने वाले चालक को अवकाश पर भेज दिया गया है। इसकी विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है।