कुल्लू के नित्थर क्षेत्र में एसडीएम मनमोहन सिंह ने अधिकारियों के साथ समस्याओं के समाधान के लिए बैठक की थी। निर्देशों के बावजूद अधिकांश समस्याएं अब भी जस की तस हैं। एसडीएम ने अधिकारियों को रिमाइंडर भेजने की बात कही है।
एसडीएम ने अधिकारियों के साथ डेढ़ महीने पहले की थी बैठक, नित्थर की कई समस्याओं पर की थी चर्चा
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी नित्थर(कुल्लू)। उपतहसील नित्थर में डेढ़ महीने पहले समस्याओं को लेकर मंथन किया गया था। एसडीएम ने विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का जल्द स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए थे, लेकिन यह निर्देश बैठक तक सिमट कर रह गए। बैठक से निर्देश लेकर निकले अफसर लोगों की समस्याओं का समाधान करना भूल गए। अब एसडीएम ने अधिकारियों को रिमाइंडर भेजने की बात कही है। अगस्त के पहले सप्ताह में एसडीएम मनमोहन सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें पंचायत प्रतिनिधि और सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड के अधिकारी भी मौजूद थे।
बैठक में नित्थर बाजार की सड़क पर जमा होने वाले पानी की निकासी पर चर्चा की गई थी। बारिश के दौरान सड़क के पानी का बहाव बाजार और देहरा गांव की तरफ हो जाता है, जिससे बाजार और देहरा गांव में कई घरों को खतरा पैदा हो गया है। बैठक में इस समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए थे, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने अभी तक काम शुरू नहीं किया। बाजार की निकासी नालियों की न तो सफाई हो पाई और न ही कोई और कार्य हुआ। वहीं, देहरा और नित्थर के किसान-बागवान आस लगाए बैठे हैं कि उन्हें लूहरी परियोजना से आई दरारों और प्रदूषण का मुआवजा मिलेगा, लेकिन यह काम भी नहीं हुआ है। कुर्पण खड्ड पेयजल एवं सिंचाई योजना भी अभी तक सिरे नहीं चढ़ पा रही है। आनस गांव में पहाड़ से गिर रहे पत्थरों को रोकने के लिए न तो प्रशासन और न ही एसजेवीएनएल ने कोई कार्रवाई की। आनस गांव में बिजली की हाई वोल्टेज की समस्या भी बरकरार है। मुख्य सड़क नित्थर की हालत भी नहीं सुधर पाई है। इस बैठक में नित्थर और देहरा पंचायत के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे थे। उनका कहना है कि विभागों के अधिकारी क्षेत्र के लोगों को ठगने का कार्य कर रहे हैं, जबकि ग्रामीणों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखा रहे।
अधिकारियों को भेजा जाएगा रिमाइंडर
निरमंड के एसडीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि अभी तक लंबित कार्यों पर अमल क्यों नहीं हो पाया है, इसे लेकर विभागीय अधिकारियों को रिमाइंडर भेजा जाएगा। लोगों की समस्याओं को जल्द दूर करने का प्रयास किया जाएगा।