रिकांगपिओ में विभागों ने चलाया सफाई अभियान
470 किलो कचरा एकत्र कर कूड़ा संयंत्र पोवारी भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। स्वच्छ भारत अभियान के तहत किन्नौर जिले में शनिवार को व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। साडा क्षेत्र रिकांगपिओ में एसडीएम कल्पा अमित कल्थाइक स्वयं अभियान में शामिल हुए और विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मिलकर कचरा एकत्रित किया। एकत्रित कचरे को कूड़ा संयंत्र पोवारी भेजा गया।
सचिव विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) एवं एसडीएम अमित कल्थाइक के नेतृत्व में टैक्सी स्टैंड, मुख्य बाजार और सरकारी कार्यालय परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना और आमजन में जागरूकता बढ़ाना रहा। इसमें 12 सरकारी विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान प्लास्टिक और सूखे कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में एकत्रित किया गया, ताकि उसका वैज्ञानिक निस्तारण और पुनः उपयोग सुनिश्चित हो सके। इस दौरान करीब 470 किलोग्राम कचरा इकट्ठा कर पोवारी स्थित संयंत्र भेजा गया।
एसडीएम अमित कल्थाइक ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। सभी विभागों को कार्यालय परिसरों में नियमित साफ-सफाई और कचरा पृथक्करण अनिवार्य रूप से अपनाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि प्रशासन ने प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया है, ताकि इसे नियमित प्रक्रिया बनाया जा सके। इस पहल से न केवल सरकारी कार्यालय स्वच्छ रहेंगे, बल्कि आमजन भी प्रेरित होंगे। इस अभियान के तहत जिले की पंचायतों में भी समानांतर रूप से सफाई गतिविधियां आयोजित की गईं। कल्पा, दूनी, पूर्वणी, सापनी, बारंग, चांसू, शुदारंग, थेंमगारंग, रकछम, तेलंगी, ख्वांगी, पोवारी, सांगला और कामरू पंचायतों में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वहीं विद्युत विभाग ने टापरी और पूह, तथा लोक निर्माण विभाग ने भावानगर और पूह में अपने कार्यालय परिसरों में सफाई अभियान चलाया।
एसडीएम ने सभी पंचायतों और विभागों को निर्देश दिए कि एकत्रित कचरे का सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रखे जाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।