डे बोर्डिंग स्कूल कल्पा में होगा स्विमिंग पूल का निर्माण
विज्ञापन
1.32 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा 6 लेन स्वीमिंग पूल ऑल वेदर पूल में लगेगा हीटिंग सिस्टम, 12 चेंजिंग रूम और शावर एरिया का भी होगा निर्माण बीरबल नेगी सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में बॉक्सिंग, कबड्डी, वॉलीबॉल, रोलर स्केटिंग, आइस स्केटिंग के बाद अब युवाओं को वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। जिले के राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल में जल्द ही स्वीमिंग पूल का निर्माण किया जाएगा। स्वीमिंग पूल बनने से स्कूली बच्चे और युवा वाटर स्पोर्ट्स के विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण का प्राप्त कर सकेंगे। जिले में बनने वाला यह पहला स्वीमिंग पूल होगा। किन्नौर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल कल्पा स्थित राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल में जल्द ही वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियां शुरू होंगी। प्रदेश सरकार की ओर से स्कूल में स्वीमिंग पूल का निर्माण किया जाएगा। करीब 1.32 करोड़ रुपये की लागत से इस स्वीमिंग पूल का निर्माण किया जाएगा। यह स्वीमिंग पूल 6 लेन का बनेगा। इसके अलावा यहां 12 चेंजिंग रूम और शावर एरिया का भी निर्माण होगा। 120 से 150 मीटर गहराई वाले इस पूल की लंबाई 25.60 मीटर और चौड़ाई 15.50 मीटर होगी। इसके अलावा दर्शकों को बैठने के लिए 6 ऑडियंस सीटिंग स्टेप्स भी बनेंगे। ऑल वेदर स्वीमिंग पूल हीटिंग सिस्टम से जुड़ा रहेगा, जहां सर्दी और गर्मी दोनों मौसम में स्वीमिंग का प्रशिक्षण प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। स्वीमिंग पूल के अलावा इलेक्ट्रिकल और इक्विपमेंट रूम का भी निर्माण किया जाएगा। स्वीमिंग पूल बनने से जिले के खिलाड़ियों को अब बॉक्सिंग, वॉलीबॉल, कबड्डी, रोलर स्केटिंग, आईस स्केटिंग के साथ-साथ वाटर स्पोर्ट्स की विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने की सुविधा मिलेगी। लोक निर्माण विभाग को पूल निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। विभाग विभिन्न औपचारिकताएं पूरी कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करेगा। विभाग ने एक वर्ष के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है। पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी ने कहा कि राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी की दूरगामी सोच के कारण किन्नौर जिले में वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। स्कूली बच्चों और युवाओं को साहसिक खेल गतिविधियां शुरू होने से लाभ पहुंचेगा। संवाद
स्वीमिंग पूल निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। विभाग विभिन्न औपचारिकताओं को पूरा करने में जुटा हुआ है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। अगले वर्ष जुलाई माह तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
- अभिषेक शर्मा, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग कल्पा