सांगला छितकुल मार्ग 21 घंटे बाद छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए हुआ बहाल।
- फोटो : RAMPUR-HP
सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिले के पर्यटन स्थल छितकुल को जोड़ने वाली सांगला-छितकुल सड़क करीब 21 घंटे बाद छोटे वाहनों के लिए बहाल हो गई है। पहाड़ी से चट्टानें दरकने के कारण सड़क को काफी क्षति पहुंची है, जिस कारण बड़े वाहनों की आवाजाही अभी भी ठप है। सड़क को पूरी तरह से बहाल होने पर करीब एक सप्ताह का समय लगेगा। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को आने वाले कई दिनों तक परेशानियां झेलनी होंगी। बसों की आवाजाही प्रभावित होने से क्षेत्र के लोगों को टैक्सियों का भारी भरकम किराया चुकाकर आवाजाही करनी पड़ रही है।
मंगलवार शाम करीब छह बजे शुशांग के पास ऊपरी पहाड़ी से भारी भरकम चट्टान दरक गई थी, जिस कारण सांगला-छितकुल मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए अवरुद्ध हो गया था। मार्ग बाधित होने से छितकुल पंचायत के हजारों ग्रामीणों का संपर्क देश दुनिया से संपर्क कट गया था। इसके अलावा देश-दुनिया से छितकुल प्राकृतिक खूबसूरती को निहारने के लिए पहुंचे सैकड़ों पर्यटक भी फंस गए थे। मार्ग पर आई भारी भरकम चट्टान के कारण सड़क किनारे लगी सुरक्षा दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग सांगला ने मशीनें लगाकर बुधवार सुबह मार्ग को बहाल करने का काम शुरू किया। दोपहर बाद करीब 3:30 बजे बाधित मार्ग को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। मार्ग पर अभी भी बड़े वाहनों की आवाजाही ठप है। लोक निर्माण विभाग के मुताबिक टूटी हुई सड़क का फिर से निर्माण किया जाएगा। इसमें करीब एक सप्ताह का समय लग जाएगा। इसके बाद ही बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू होगी। बड़े वाहनों की आवाजाही ठप होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतें पेश आ रही हैं। लोगों को टैक्सी का महंगा किराया चुकाकर आवाजाही करनी पड़ रही है।
लोक निर्माण विभाग सांगला के कनिष्ठ अभियंता गणेश लाल ने बताया कि पहाड़ी से आई विशालकाय चट्टान के कारण सड़क को क्षति पहुंची है। मार्ग को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। नये सिरे से सड़क निर्माण में करीब एक सप्ताह का समय लगेगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से सहयोग की अपील की है।