रोहडू मेले की समारिका का विमोचन करते मंत्री विक्रमादित्य सिंह
रोहडू। लोक निर्माण एवं युवा सेवाएं और खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में 2,800 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों को 2,400 करोड़ रुपये खर्च कर दुरुस्त किया जाएगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इस पर कार्य किया जा रहा है। इस राशि में 170 करोड़ रुपये रोहड़ू क्षेत्र की ग्रामीण सड़कों पर चालू वित्त वर्ष में व्यय किया जा रहा है। विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले के समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि स्थानीय जनता को संबोधित किया।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा रोहड़ू क्षेत्र का जल्द ही विस्तृत दौरा किया जाएगा। सीपीएस एवं स्थानीय विधायक मोहनलाल ब्राक्टा के साथ विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं को सुलझाने का प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग में विभिन्न कार्यों को लेकर वित्तीय अनियमितताओं पर भी सख्ती बरती जाएगी। उन्होंने हाटकोटी चिड़गांव सड़क को एनएच में शामिल करवाने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष मामला उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हर मौसम में राजधानी से जुड़ा रहने इसके लिए खड़ापत्थर में टनल बनाने को सरकार प्रयासरत है। लोक निर्माण मंत्री ने सीपीएस मोहन लाल ब्राक्टा के अनुरोध पर रोहड़ू क्षेत्र की नाबार्ड में शामिल पांच बडियारा ढाक गांव सहित विभिन्न सड़कों को लोक निर्माण विभाग के वित्तीय सहयोग से दुरुस्त किया जाएगा। चिड़गांव में एक स्टेडियम का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में रोहड़ू क्षेत्र के साथ जो भेदभाव किया गया , कांग्रेस सरकार जनता के सहयोग से इस विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित करने का हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के नक्शे कदम पर रोहडू क्षेत्र को अग्रणी विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आगामी दो, तीन महीनों में ग्रामीण ओलंपियाड शुरू किया जाएगा। इसमें प्रदेश के 40 हजार युवाओं को जोड़ा जाएगा । इसमें क्रिकेट को छोड़कर अन्य खेलों को इसमें शामिल किया जाएगा। इससे प्रदेश की खेल प्रतिभाएं भी उभर कर सामने आएगी।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंच से विधिवत तौर पर मेले के समापन की घोषणा की। कार्यक्रम में प्रशासन की ओर से एसडीएम सन्नी शर्मा ने मंत्री सहित अन्य विशिष्ट लोगों को सम्मानित किया। विक्रमादित्य सिंह ने मेले की स्मारिका का भी विमोचन किया। इस दौरान मंत्री के साथ मुख्य संसदीय सचिव एवं स्थानीय विधायक मोहनलाल ब्राक्टा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष करतार सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कांग्रेस के नेता, अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।