संवाद न्यूज एजेंसी
रोहडू। पुलिस थाना रोहड़ू का ऐतिहासिक भवन जर्जर हालत में गिरने के कगार पर है। इस विरासत के संरक्षण की अभी तक सरकार, पुलिस और नगर परिषद की ओर से पहल नहीं की गई है। भवन के चारों ओर लोगों का अतिक्रमण हो चुका है। भवन की ऊपरी मंजिल के लिए लकड़ी की बनी सीढि़यां सड़ चुकी हैं। बारिश में पत्थर की छत से पानी टपकने से भवन सड़ रहा है।
1949 में खुला था थाना
लकड़ी और पत्थर से रोहडू कस्बे के बीच में बने भवन में 1949 में थाना खोला गया था। बताते हैं कि भवन का निर्माण आजादी से पहले हो चुका है। इस भवन में कर्मचारियों के आवास, महिला और पुरुष के अलग अलग बैरक, मालखाना, शौचालय, मैस, महिला और पुरुष बंदी गृह उसी समय के बने हैं। भवन में प्रवेश के लिए केवल एक गेट है। छत पर पुराने पत्थर के स्लेट लगे हैं। इसके कारण गर्मी में पंखे की जरूरत तक नहीं रहती। लकड़ी और पत्थर से भवन बना होने के कारण सर्दी में ठंड की असर नहीं होता।
अब चल रही सिटी चेक पोस्ट
इस भवन में अभी कस्बे की चेकपोस्ट चल रही है। पुलिस थाना यहां से करीब 15 साल पहले बाजार के किनारे गंगटोली में नए भवन में शिफ्ट किया गयाहै। अब इस भवन में चेक पोस्ट कार्यालय और आवास है।
अगली बैठक में पुलिस थाने के पुराने भवन का मामला रखा जाएगा। इस स्थान पर नगर परिषद दो मंजिला पार्किंग, शॉपिंग कॉप्लेक्स बनाने की योजना तैयार की जाएगी। पुलिस विभाग के लिए भी इसमें चौकी का प्रावधान रखा जाएगा। राजस्व रिकॉर्ड देख कर अगली पहल शुरू की जाएगी।
-सुजय अग्रवाल, उपाध्यक्ष नगर परिषद रोहड़ू