रोहड़ू में सुबह से शाम तक जाम, दमकल वाहन और एंबुलेंस तक निकलना मुश्किल
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी रोहड़ू। उपमंडल मुख्यालय में यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। वाहनों को सड़क के किनारे एसडीएम कार्यालय के गेट तक बेतरतीब खड़ा किया जा रहा है। अपने काम के सिलसिले में कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उपमंडल, तहसील, उपतहसील मुख्यालय में तैनात कर्मचारियों के लिए भी हर रोज अपने ही वाहन खड़ा करना चुनौती बन चुका है। एसडीएम कार्यालय के बाहर बेतरतीब खड़े वाहन हर दिन सुबह से शाम तक जाम का कारण बने हैं। आम लोगों में खूब चर्चा है कि इस कार्यालय से यातायात के नियम समझाए जाते हैं, लेकिन इसके सामने ही यह नियम अनदेखा किए जा रहे हैं। एसडीएम कार्यालय परिसर से लेकर न्यायालय परिसर तक खड़े बेतरतीब वाहनों से ज्यादा परेशानी होती है। आसपास के लोगों का कहना है कि दिन के समय यदि कोई हादसा हो जाए, तो इस सड़क से दमकल वाहन और एंबुलेंस का निकलना संभव नहीं है। खुली सड़क होने के बाद भी बीच में खड़े वाहनों के मालिकों को तलाशना हादसे के दौरान आसान नहीं है। लोगों ने उपमंडल प्रशासन से भी इस मामले में पहल की मांग की है।
पार्किंग की इस समस्या के समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। पार्किग को लेकर एक व्यक्ति से लाइन लगाने के लिए तकनीकी सहयोग मांगा गया ताकि वाहनों का सही पार्क किया जाए। बीच में व्यवस्तता के कारण संभव नहीं हो सका, अब शीघ्र इस मामले में पहल की जा रही है। -धर्मेश रमोत्रा, एसडीएम