संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। रोहड़ू अस्पताल में उल्टी, दस्त के हर रोज चालीस के करीब मरीज पहुंच रहे हैं। इसके चलते अस्पताल प्रबंधन ने अलर्ट जारी किया है। वहीं, इसका कारण दूषित पेयजल से संक्रमण माना जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने जल शक्ति विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। रोहड़ू उपमंडल के अलग-अलग गांव से उल्टी और दस्त के हर दिन सैकड़ों मरीज पहुंचे से स्वास्थ्य विभाग चिंतित है। बीते दो-तीन दिनों से लगातार मामले बढ़ रहे हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग निजी अस्पतालों में भी उपचार करवा रहे हैं। उल्टी और दस्त के बाद शरीर में पानी के कमी के कारण कई लोगों को अस्पताल में भी भर्ती किया गया है। हालांकि, अभी बरसात नहीं हुई है। फिर भी मरीजों की संख्या में लगातार हो रही बढ़ोतरी के करण अस्पताल प्रबंधन अलर्ट पर है। अस्पताल ने जल शक्ति विभाग को पेयजल स्रोतों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान रखने के लिए सूचित कर दिया है।
अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंच रहे मरीज
रोहड़ू अस्पताल में हर दिन उल्टी और दस्त के चालीस के करीब मरीज पहुंच रहे हैं। ओपीडी में मरीजों का डाटा रखने के आदेश कर दिए गए हैं। अभी तक के रिकॉर्ड के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों से उल्टी और दस्त के मरीज पहुंच रहे हैं, इसलिए किसी विशेष पेयजल स्रोत से संक्रमण फैलने की संभावना नहीं है। चिड़गांव, समरकोटी, नगर परिषद रोहड़ू सहित कई गांव से मरीज पहुंचे हैं। लोग बरसात के मौसम में खाने-पीने की बासी चीजों, संक्रमित फल-सब्जी के सेवन से बचें। पीने के लिए साफ और उबले पानी का प्रयोग करें। जल शक्ति विभाग को भी सचेत रहने के लिए कहा गया है।
-डाॅ. रविंद्र शर्मा, एमएस, सिविल अस्पताल रोहड़ू