फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: सनेई-शांदल निर्माणाधीन संपर्क सड़क का डेढ़ साल से लटका निर्माण

विज्ञापन
विज्ञापन
सवा तीन किलोमीटर में से सिर्फ दो किलोमीटर सड़क ही बना पाया विभाग
विज्ञापन

छह पंचायतों के हजारों लोग सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने का कर रहे बेसब्री से इंतजार
ग्रामीणों ने सरकार और लोक निर्माण विभाग से सड़क निर्माण पूरा करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही और अनदेखी का दंश नोग वैली और 12/20 वैली के हजारों ग्रामीणाें को झेलना पड़ रहा है। सामरिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण निर्माणाधीन सनेई-शांदल सड़क का कार्य बीते डेढ़ साल से अधर में लटकने से लोक निर्माण विभाग की लचर कार्यशैली सवालों के घेरे में है। करीब डेढ़ साल से सड़क के निर्माण कार्य पर ब्रेक लगी हुई है। सड़क का निर्माण कार्य सिरे चढ़ने से करीब आधा दर्जन पंचायतों के हजारों लोगों को फायदा मिलेगा।
साल 2023 में नाबार्ड के तहत करीब सवा तीन किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। ग्राम सनेई बस अड्डे पर लगे बोर्ड में विभाग की ओर से निर्माण में खर्च होने वाली राशि करीब 1.6 करोड़ दर्शाई है l निर्माण कार्य की पूर्ण अवधि वर्ष 2024 अंकित है। एक साल के भीतर ठेकेदार को सड़क बनाने का लक्ष्य दिया गया था। विभागीय लेटलतीफी से सड़क निर्माण कार्य में दो साल का विलंब है और लागत राशि में भी बढ़ोतरी होना स्वाभाविक है, जिसका खामियाजा सरकार के अलावा ग्रामीणाें को उठाना पड़ेगा। शांदल गांव की सीमा को छूती हुई उक्त सड़क बाहलीधार को जोड़ेगी।
विज्ञापन

हजारों लोग सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लाभान्वित होने वाली पंचायतों में कूहल, देवठी, डंसा, लालसा, शिंगला और रचोली शामिल हैं। इसके अलावा दारनघाटी होते हुए दोफदा और मशनू को भी सड़क जोड़ेगी। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्राईकोटी मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी हद तक राहत मिलेगी l
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक उक्त सड़क का काम ठेकेदार को आवंटित किया गया था। निर्माण कार्य की राशि खर्च हो चुकी है और अब बाकी बची सड़क के निर्माण के लिए बजट की कमी चल रही है। क्षेत्र के ग्रामीणों तारा चंद, गोवर्धन, राकेश, पवन कुमार, लेखराज, जगत सिंह, किशोर, अमर चंद, यशपाल, चरण दास, महेंद्र, प्रकाश, श्याम मुरारी आदि ने बताया कि लंबे अरसे से करीब एक किलोमीटर सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा। कई वर्ष बीतने के बाद भी क्षेत्र के लोगों को सड़क सुविधा से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग से जल्द अधूरे पड़े कार्य को पूरा कर हजारों लोगों को राहत देने की मांग उठाई है।

कोट
लोक निर्माण विभाग रामपुर के अधिशासी अभियंता अंकुश जम्वाल ने बताया कि हाल ही में पदभार ग्रहण किया है। इस सड़क की जानकारी जुटाने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। उन्हाेंने जल्द सड़क निर्माण पूरा करने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन

बॉक्स
तकलेच के सेरी पुल में सड़क बाधित होने पर निभाएगी वैकल्पिक भूमिका
नोग वैली को 12/20 क्षेत्र को जोड़ने के साथ यह सड़क एक विकल्प के तौर पर इस्तेमाल की जा सकेगी। सेब सीजन में 12/20 क्षेत्र के बागवानों को पेश आने वाली समस्या से निजात दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी। हर वर्ष बरसात के दौरान तकलेच के साथ लगते सेरीपुल में सड़क भूस्खलन से बंद हो जाती है और क्षेत्र के लोगों खासकर बागवानाें को अपनी नकदी फसल सेब मंडी पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यह सड़क 12/20 क्षेत्र के बागवानों के लिए बेहतर विकल्प साबित होगी। इससे हजारों बागवानों को लाभ पहुंचेगा और करीब 40 हजार सेब पेटियां आसानी से देश की विभिन्न मंडियों में पहुंचेंगी। बीते करीब चार साल से सेरीपुल में बरसात के दौरान करीब तीन माह तक यातायात ठप हो जाता है और सेब सीजन भी चरम पर होता है। सड़क बनने से हजारों बागवानों को राहत मिलेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें