रोहड़ू। चिड़गांव तहसील के तहत करीब 16 करोड़ से निर्माणाधीन टिक्करी-तांगनू सड़क का कार्य वर्ष 2017 से अधर में लटका है। ठेकेदार की मनमानी के आगे ग्रामीण बेबस हो गए हैं। सड़क का निर्माण न होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। लोनिवि की लचर कार्यप्रणाली से गुस्साए ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीण लोनिवि के अधिशासी अभियंता से भी मिले हैं।
स्थानीय ग्रामीण अनूप कुमार नेगी, विवेक चौहान, नरेंद्र, रितिक, हंसराज, राधे, पवन कुमार, निखिल, प्रमोद कुमार, संजीव सिंह, बलवीर, प्रेम सिंह, विक्रांत सिंह, राजेंद्र सिंह नेगी, मोती सिंह, प्रीतम सिंह, राजेंद्र सिंह, राम चंद्र सहित संजीव ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों ने मजबूरन सड़क संघर्ष समिति बनाई है। संघर्ष समिति सड़क का निर्माण समय पर होने की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से सड़क का कार्य अधर में लटका हुआ है। इस संबंध में कई बार एसडीएम और लोनिवि के उच्च अधिकारियों से भी मिल चुके हैं। लेकिन, ग्रामीणों को मात्र आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सात दिन के भीतर सड़क का कार्य तेजी से शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीण सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। लोनिवि कार्यालय के बार धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जानकारी एसडीएम रोहड़ू को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीणों ने दे दी है। सड़क से चार पंचायतों के हजारों लोग लाभान्वित होंगे।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पवन गर्ग ने बताया कि ठेकेदार को एक सप्ताह के अंदर सड़क निर्माण कार्य तेजी से शुरू करने के निर्देश दे दिए गए हैं। सड़क निर्माण के लिए मौके पर पर्याप्त संख्या में मजदूर और मशीनें भेजने के लिए भी कहा गया है।