रोहडू। पर्याप्त बजट के बावजूद टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी लोगों को सड़क का लाभ नहीं मिल रहा। छह माह बीतने पर भी खड़ापत्थर-शीलघाट-मेल्ठी-टिक्कर सड़क को चौड़ा और पक्का करने का काम शुरू नहीं हो पाया है। सेब सीजन सिर पर है और अभी तक सड़क की सुध नहीं ली गई है। इससे पांच पंचायतों के हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों और जन प्रतिनिधियों का आरोप है कि सरकार व ठेकेदार की सांठगांठ के बीच दर्जनों सड़कों के टेंडर एक ठेकेदार के पास होने के कारण काम शुरू करवाने में पहल नहीं हो रही।
कटलाह करछारी वार्ड से पंचायत समिति सदस्य विजय दत्ता, एलआर दत्ता, रोहित दत्ता सहित क्षेत्र के कई लोगों का कहना है कि करीब छह माह पहले सड़क के टेंडर हो चुके हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सरकार से इस सड़क को चौड़ा और पक्का करने के लिए करीब सोलह करोड़ की राशि पहले से मंजूर है। उन्होंने कहा कि करीब तीस किलोमीटर इस सड़क पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बारिश में छोटे वाहन चलाना भी खतरे से खाली नहीं है। उन्होंने कहा कि सेब सीजन के दौरान लोगों को भारी परेशानी होगी। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इस सड़क से शील, बराल, मंढोल, गंगानगर, मेल्ठी, कुपड़ी, शलान, करछारी, शरौंथा, टिक्कर सहित एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग सफर करते हैं। सैकड़ों बागवानों को सेब इस सड़क से ही मंडी के लिए पहुंचाना पड़ता है। लोनिवि के अधिकारी से भी कई बार सड़क का निर्माण शुरू करवाने की मांग की चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस सड़क का निर्माण यदि लोनिवि समय पर शुरू नहीं करता तो तुरंत टेंडर को रद्द किया जाए। उन्होंने मांग की है कि इस सड़क पर शीघ्र काम शुरू किया जाए।