खस्ताहाल चौपाल-देवत-कुम्बडा मार्ग
- फोटो : RAMPUR-HP
चौपाल (रोहड़ू)। उपमंडल चौपाल में सेब सीजन जोरों पर है। वहीं इलाके की अधिकतर सड़कें खस्ताहाल होने के कारण बागवान काफी चिंतित हैं। मौजूदा समय में चौपाल-देवत-कुंबडा मार्ग पूरी तरह से दलदल में तबदील हो गया है। सड़क को सुधारने के नाम पर लोक निर्माण विभाग की ओर से बिछाई गई मिट्टी अब लोगों के लिए आफत बन गई है। बारिश होने के कारण सड़क पर बिछाई गई मिट्टी अब दलदल में तबदील हो गई है। इससे मार्ग पर छोटी गाड़ियां को भारी नुकसान हो रहा है और सेब से लदे ट्रक आए दिन दलदल में फंस रहे हैं।
स्थानीय पंचायत प्रधान शांता जनदेव, पूर्व प्रधान मोहन लाल तालटा, सन्नी राज चौहान, सोहन लाल, कुंदन सिंह, सुरेंद्र शर्मा और जयलाल के अनुसार प्रशासन ने बरसात से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं। अब इलाके के बागवानों को चिंता सता रही है कि उनका सेब सड़कों पर ही न सड़ जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया है कि सड़क को शीघ्र से शीघ्र बहाल किया जाए। वहीं इस संबंध में लोक निर्माण विभाग चौपाल के सहायक अभियंता जयराम ठाकुर ने कहा कि सड़क को दुरुस्त करने के लिए मशीनरी और कर्मचारी भेज दिए गए हैं। शीघ्र ही सड़क को ठीक कर दिया जाएगा।