बस सेवा ठप होने से ग्रामीण झेल रहे परेशानियां
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। दलाश-गुंगी-लूहरी सड़क के डंगे गिरने के कारण पिछले करीब तीन महीने से बस सेवा ठप है। इससे ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग ने अभी तक डंगे नहीं लगाए हैं। इस कारण ग्रामीणों में रोष है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़क की हालत सुधारने की मांग की है, ताकि आवाजाही करने में परेशानियाें का सामना न करना पड़े। ग्रामीणों देवराज चौहान, विक्की वर्मा, प्रदीप चौहान, जिया लाल वर्मा, रूप लाल सहित अन्य लोगों ने कहा कि जुलाई से डंगे गिर गए थे जिस कारण बस सेवा बंद पड़ी है। परिवहन विभाग की दो बसों की सुविधा मिलती है। एक बस सुबह स्कूल के बच्चों को लेकर दलाश आती है और दूसरी सुबह 6:30 बजे दलाश से चलती है। 5:30 बजे लूहरी से दलाश वाया गुंगी होकर आती है, लेकिन जुलाई से डंगे गिरने के कारण बस सेवा बंद पड़ी है। करीब दो माह बाद कुछ दिन पहले सड़क पर छोटे वाहनों की आवाजाही बहाल हो पाई है, लेकिन अभी तीन जगह डंगे लगने हैं। जब तक ये डंगे नहीं लगते हैं, तब तक बस सेवा शुरू होना मुश्किल है। ग्रामीणों को निजी वाहनों में अधिक पैसे खर्च करके सफर करना पड़ रहा है। अभिभावकों को अपने बच्चों को पीठ पर उठाकर स्कूल पहुंचाना पड़ रहा है। दलाश पंचायत प्रधान सत्येंद्र शर्मा, ब्यूंगल पंचायत प्रधान जालप राम ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि गुंगी-दलाश सड़क पर जल्द डंगे लगाए जाएं, ताकि ग्रामीणों को बस सुविधा का लाभ मिल सके।
उधर, लोक निर्माण विभाग दलाश के कनिष्ठ अभियंता मिन्हास शर्मा ने बताया कि सड़क पर जल्द ही डंगे लगाए जाएंगे। इसके बाद मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।