खादरा से ठोपन तक सड़क का सात करोड़ से हुआ कायाकल्प
लोगों ने जताया सरकारों और लोक निर्माण विभाग का आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर की खादरा-ठोपन संपर्क सड़क का सात करोड़ रुपये से कायाकल्प हो गया है। यह राशि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तीसरे चरण के तहत मंजूर हुई थी। आठ किलोमीटर लंबी इस सड़क पर सोलिंग और टारिंग की गई है। कई जगह अभी नालियों का निर्माण और क्रैश बैरियर लगाए जाने हैं।
सड़क का कायाकल्प होने से ग्राम पंचायत खादरा के गांव खादरा, रारंग, हवादेंन और शिलापुर के करीब 1500 लोगों को लाभ हुआ है। इन लोगों को हिचकोले खाते हुए सफर से राहत मिली है। लोगों को नकदी फसलों को मंडियों तक पहुंचाना भी आसान हुआ है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क का कार्य अगस्त में शुरू किया था। कार्य को अब पूरा कर लिया गया है।
ग्राम पंचायत रारंग के प्रधान राजेंद्र सिंह नेगी, उप प्रधान रणजीत नेगी, महिला मंडल खादरा की अध्यक्ष चंद्रकुमारी नेगी सहित अन्य ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत को पूरा करने पर केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार ओर लोक निर्माण विभाग का आभार जताया है। राजेंद्र नेगी ने कहा कि वैसे तो लोक निर्माण विभाग ने सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर दिया है, लेकिन कई जगहों पर अभी भी क्रैश बैरियर और ड्रेनेज सिस्टम का बनना बेहद जरूरी है। लोक निर्माण विभाग को इस ओर ध्यान देना होगा।
उधर, लोक निर्माण विभाग कल्पा के अधिशासी अभियंता डीके सेन ने बताया कि सड़क का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब पांच साल तक सड़क की देखरेख का जिम्मा ठेकेदार का होगा। सड़क के अन्य कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवा दिया जाएगा।