रोहड़ू। दूरदराज क्षेत्र डोडरा क्वार की पांच पंचायतों को जोड़ने वाली सड़क हिमपात के बाद तीन महीने से वाहनों के लिए नहीं खुली है। क्षेत्र के लोगों को पूरा दिन पैदल सफर के बाद सड़क तक पहुंचना पड़ रहा है। चांशल घाटी पर भारी हिमपात के कारण लोनिवि ने अब सड़क को बहाल करने का काम शुरू किया है। क्षेत्र के लिए लंबे समय से चल रही वाया उत्तराखंड होकर वैकल्पिक सड़क की मांग सिरे नहीं चढ़ रही।
डोडरा क्वार क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क इस साल नवंबर के पहले सप्ताह में भारी हिमपात के बाद वाहनों के लिए बंद हो चुकी है। उसके बाद लोनिवि ने सड़क को बहाल करने की कोई पहल नहीं की। इस क्षेत्र से मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में लोगों को परेशानी हो रही है। सड़क बंद होने के बाद क्षेत्र के लोग पैदल सफर करने को मजबूर हैं। गर्भवती महिलाएं और बुजुर्गों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आपात में वाया उत्तराखंड पीठ पर उठा कर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। अब मौसम खुलने पर लोग सरकार से हिमपात के बाद बंद सड़क खोलने की मांग कर रहे हैं। जिस्कूण पंचायत के प्रधान राजेश चौहान, क्वार पंचायत के पूर्व प्रधान शंकर चौहान, डोडरा पंचायत के पूर्व प्रधान केश्व राम का कहना है कि बीते लोकसभा चुनाव के दौरान सरकार की ओर से वाया उत्तराखंड सड़क खोलने का आश्वासन दिया गया। उसके बाद यहां का प्रतिनिधिमंडल भी सरकार से मिल चुका है लेकिन उसके बाद अभी तक इस पर कोई पहल नहीं हो रही। उनका कहना है कि एक साल में डोडरा क्वार के लिए लोगों को सड़क सुविधा का केवल पांच छह महीने ही लाभ मिलता है। छह महीने पांच पंचायत के सैकड़ों लोगों को पैदल सफर करना पड़ता है। उन्होंने मांग की है कि मौसम खुलने पर सड़क से बर्फ हटाने का कार्य तेजी से शुरू किया जाए। लोनिवि के एसडीओ दशमहेंद्र का कहना है कि चांशल घाटी पर हर तीसरे दिन हिमपात हो रहा था। पांच दिन पहले मौसम खुलने के बाद इस सड़क से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौसम साफ रहा तो मार्च में सड़क वाहनों के लिए बहाल हो जाएगी।