नेरवा (रोहड़ू)। रुसलाह-बेलाग सड़क पर बाहवी गांव के समीप एक बोलेरो कैंपर दुर्घटनाग्रस्त होने से एकयुवक की मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब नौ बजे एक बोलेरो कैंपर रुसलाह से नेरवा की तरफ जा रही थी। इस दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। हादसे घायल हुए चालक को घायल अवस्था में खाई से निकाला गया। जहां से उसे उपचार के लिए नेरवा अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। मृतक की पहचान संजय कुमार (35) पुत्र कली राम, गांव गरटोड़ी, डा. रुसलाह, तहसील नेरवा के रुप में हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। नायब तहसीलदार अरुण कुमार ने मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये की फौरी राहत दी है। डीएसपी चौपाल वरुण पटियाल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।