कोटखाई। कोटखाई अस्पताल में मरीजों के लिए दो नए टेस्ट शुरू होंगे। इन टेस्टों को करवाने के लिए मरीजों को अब भटकना नहीं होगा। सिफिलस और सिरम कैल्शियम नाम के ये दो टेस्ट शुरू होंगे। इसमें एक टेस्ट महिलाओं से जुड़ी बीमारी के लिए महत्वपूर्ण है। कोटखाई अस्पताल में रोगी कल्याण समिति की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। अस्पताल के यूजर चार्जिस में इस बार किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं की गई है। एफआरयू भवन के लिए पांच बीघा जमीन पर भी चर्चा की गई। इस बार अस्पताल के लिए साढ़े अठारह लाख रुपये का बजट पारित किया गया है। जो विभिन्न कामों पर खर्च किया जाएगा। बैठक में विधायक नरेंद्र बरागटा मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक अध्यक्ष और एसडीएम ठियोग एमडी शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान फैसला लिया गया कि अस्पताल के बाहर टाइलें लगाने और छत बनाने के लिए 25 हजार रुपये की राशि एसडीएम और इतनी ही राशि नरेंद्र बरागटा उपलब्ध करवाएगे।
बैठक में अस्पताल में अवैध पार्किंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान कोटखाई बाजार में सीवरेज लाइन बिछाने के कार्य को पूरा करने के लिए भी अवधि तय की गई। कोटखाई अस्पताल के एक्सरे रूम को भी बदलने का फैसला लिया गया। ताकि, मरीजों को परेशान न होना पड़े। बैठक में अलग-अलग कार्यों के लिए कोटखाई अस्पताल को करीब साढे़ अठारह लाख रुपये के बजट का प्रावधान रखा गया। बैठक में बीते वित्त वर्ष में खर्च किए गए आय और व्यय पर भी चर्चा की गई।
बैठक में खंड विकास अधिकारी डॉ. सनीश, आईपीएच विभाग के एसडीओ सुरेंद्र ठाकुर, बिजली बोर्ड के एसडीओ सुरेंद्र मोहन शर्मा, नगर परिषद कोटखाई की अध्यक्ष शारदा वर्मा मौजूद रहे।