दशहरा मेले से पहले ज्यूरी सराहन सड़क से मलवा हटाने में जुटी लोकनिर्माण विभाग की मशीनरी
जिला स्तरीय सराहन दशहरा मेले के लिए सुधर रही ज्यूरी सराहन सड़क
लोक निर्माण विभाग ने तैनात की मशीनें, नवरात्र और दशहरा मेले में आने वाले लोगाें को मिलेगी राहत
विभाग ने तीन मशीनें और टिपर किए तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी(रामपुर बुशहर)। जिला स्तरीय सराहन दशहरा मेले से पहले ज्यूरी-सराहन सड़क को दुरुस्त करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। लोक निर्माण विभाग की तीन मशीनें सड़क से मिट्टी और पत्थर हटाने में जुटी हैं। इनमें से दो मशीनें ज्यूरी से सराहन की ओर और एक मशीन सराहन से ज्यूरी की ओर सड़क पर गिरे मलबे और पत्थरों को हटाकर सड़क को चौड़ा करने में लगी है।
ज्यूरी से सराहन तक करीब 17 किलोमीटर लंबी सड़क कई स्थानों पर तंग है। इसके कारण हर वर्ष लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई जगह जाम लग जाता है। इन दिनों सड़क चौड़ीकरण का काम भी चल रहा है। ऐसे में पहाड़ी से गिरी मिट्टी और पत्थरों को हटाने के साथ यातायात में बाधा बन रहे पेड़ों को भी हटाया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि शरद नवरात्रि और उसके बाद आयोजित होने वाले दशहरा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े।
लोक निर्माण विभाग सराहन के सहायक अभियंता राहुल जंजीहा और कनिष्ठ अभियंता गुरविंद्र कुमार ने बताया कि ज्यूरी-सराहन सड़क पर दोनों ओर से मलबा हटाने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। दो मशीनें और टिपर ज्यूरी से सराहन की ओर, जबकि एक मशीन और टिपर सराहन से ज्यूरी की ओर सड़क को दुरुस्त करने में जुटे हैं।