रामपुर में जिला स्तरीय रैडक्रॉस मेले को लेकर आयोजित बैठ क में मौजूद एसडीएम और अन्य विभिन्न विभाग?
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। रामपुर में बीते वर्ष से प्रस्तावित जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेला अब 7 और 8 मई को रामपुर के पाटबंगला मैदान में आयोजित होगा। मेले के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को एसडीएम सुरेंद्र मोहन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें मेले के आयोजन को लेकर रूपरेखा तैयार की गई और विभिन्न विभागों को प्रदर्शनियों के माध्यम से लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
कोरोना संक्रमण के कारण बीते वर्ष रामपुर में जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले का आयोजन नहीं हो पाया था। सोमवार को मेला आयोजन को लेकर बैठक आयोजित हुई। एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने कहा कि जिलास्तरीय रेडक्रॉस मेले में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए एक मैराथन और वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें ड्रीम रन भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि मेले में छोटे बच्चों के लिए रैंप वॉक और अन्य गतिविधियां भी करवाई जाएंगी। मेले में स्थानीय पारंपरिक खाद्य वस्तुओं की प्रदर्शनी और स्टॉल भी लगाए जाएंगे। मेले के दूसरे दिन रेडक्रॉस के लक्की ड्रॉ निकाले जाएंगे। इसमें लाखों रुपये के इनाम लक्की नंबर वाले टिकट धारक को वितरित किए जाएंगे। मेले के दौरान रक्तदान शिविर का भी आयोजन होगा।
बैठक में बीएमओ डॉ. आरके नेगी, तहसीलदार रामपुर जयचंद, तहसीलदार ननखड़ी गुरमीत नेगी, नायब तहसीलदार सराहन अशोक कुमार, आरटीओ सुनील शर्मा, सीडीपीओ रामपुर अजय बदरेल, डॉ. अनिल शर्मा, नप अध्यक्ष प्रीति कश्यप, कार्यकारी अधिकारी सूरत सिंह बोज्ञाटो, सर्वहितकारी व्यापार मंडल अध्यक्ष तन्मय शर्मा, व्यापार मंडल सचिव निशु बंसल, प्रेम सिंह नेगी और देवीचंद गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।