रोहडू। वीरवार को राजकीय महाविद्यालय सीमा में हिंदी दिवस उत्साह से मनाया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ भूपिंदर सिंह ठाकुर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में डॉ. हरीश सांजटा, सुनील नेगी, नरेश चौहान, दिग्विजय सिंह, वरुण बंधटा सहित अन्य शिक्षक भी मौजूद रहे। कालेज में कार्यक्रम का आयोजन ग्यारह से दो बजे तक चला। इस अवसर पर भाषण, निबंध-लेखन और कविता-पाठ प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई गई। भाषण प्रतियोगिता में कुल 14 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में द्वितीय वर्ष की नीतिक्षा ने पहला, अंतिम वर्ष के अभय चौहान ने दूसरा और द्वितीय वर्ष की कृतिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कविता पाठ में कुल दस प्रतिभागियों में द्वितीय वर्ष की मोनिका ने पहला, प्रथम वर्ष की रिया रनसेटा ने दूसरा और द्वितीय वर्ष की प्रीति ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में 19 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें प्रथम वर्ष के निशांत ने पहला, अंतिम वर्ष की अक्षिता ने दूसरा और द्वितीय वर्ष की शोभा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रोफेसर नीतिका धवन, प्रोफेसर अश्वनी शर्मा और प्रोफेसर उमेश नारटा ने भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को प्राचार्य पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर कुछ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने एकल गान, एकल नृत्य और सामूहिक लोकनृत्य भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में प्रोफेसर नवनीत भाउटा ने प्राचार्य महोदय और उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों को धन्यवाद दिया। समारोह में मंच-संचालन कला स्नातक अंतिम वर्ष की छात्रा अभिलाषा, अक्षिता और द्वितीय वर्ष की छात्रा कृतिका ने किया।