ग्रामीणों के साथ पर्यटकों को भी आवाजाही करने में झेलनी पड़ रही परेशानियां
ग्रामीणों ने सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन से बस सेवा बहाल करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के दुर्गम क्षेत्र रक्षम से दिल्ली रूट पर चार माह से बस सेवा ठप है। बस सुविधा नहीं होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गौर हो कि दिसंबर में सर्दियों के दौरान रक्षम-दिल्ली रूट पर चलने वाली पथ परिवहन निगम की बस सेवा बंद हो गई थी। बस सेवा बंद होने से जिले के हजारों लोगों सहित देश-विदेश से किन्नौर की हसीन वादियों को निहारने पहुंचने वाले पर्यटकों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि बस सेवा सांगला से सुचारू चल रही है, लेकिन ग्रामीणों ने रक्षम से बस सेवा बहाल करने की मांग लोग उठा रहे है, जिससे दुर्गम क्षेत्र के ग्रामीणों को सफर करने की सुविधा मिल सके। सांगला से रक्षम की दूरी करीब 14 किलोमीटर है। पूर्व प्रधान रक्षम पंचायत टिकम नेगी, पूर्व प्रधान रक्षम सुनीला नेगी, महिला मंडल अध्यक्षा शंकर देवी नेगी, उपाध्यक्ष रेणुका नेगी, वरिष्ठ सलाहकार चंद्रवती, हरदेव नेगी, बलराज नेगी, अरुण कुमारी नेगी, कैलाश कुमारी नेगी और उमा भारती नेगी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बीते चार माह के दौरान मात्र एक सप्ताह के लिए ही बस सेवा शुरू की गई थी, लेकिन इसके बाद फिर से सेवा ठप हो गई है। उन्होंने सरकार और पथ परिवहन निगम प्रबंधन से बस सेवा जल्द बहाल करने की मांग उठाई है।
कोट्स
कुछ दिनों पहले रक्षम से बस सेवा शुरू की थी, लेकिन ठंड की वजह से बस स्टार्ट करने में दिक्कतें पेश आईं। इसके कारण बस को सांगला से चलाना पड़ रहा है। मौसम अनुकूल होते ही रक्षम से बस सेवा सुचारू रूप से चलाई जाएगी।
सुमन नेगी, अड्डा प्रभारी, पथ परिवहन निगम