संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी के प्रसिद्ध ऐतिहासिक पर्यटन स्थल पनेऊ के लिए पिछले डेढ़ महीने से बंद एचआरटीसी की बस सेवा बहाल हो गई है। यहां सड़क का डंगा गिरने से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई थी, जिस वजह से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा था। वजह उक्त स्थान से दो किमी पीछे से ही वापस हो रही थी जबकि क्षेत्र की जनता को यहां से पैदल आवाजाही करनी पड़ रही थी।
इसको देखते हुए अमर उजाला ने चार दिन पूर्व क्षेत्र की इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद विभाग हरकत में आया और वैकल्पिक डंगा लगाकर मार्ग को बड़े वाहनों के लिए खोल दिया है। मार्ग पर बसों की आवाजाही शुरू होने से क्षेत्र की हजारों की आबादी ने राहत की सांस ली है। स्थानीय निवासी जीत कुमार , हरपाल , हीरालाल , संजय कुमार, सुभाष , दीपक, नरेश , नेत्रसिंह और कृष्ण चंद सहित अन्य लोगों ने बताया कि आनी पनेऊ बस कई दिनों से जेहरा कैंची तक ही जा रही थी और वहीं से वापस जा रही थी। कई बार विभाग से सड़क बहाल करने की मांग की गई।
सड़क बहाली और बस आने से अब क्षेत्र की जनता ने विभाग और अमर उजाला का आभार प्रकट किया है। इसके साथ ही जनता ने लोक निर्माण विभाग मार्ग सड़क को स्थायी रूप से बहाल रखने की मांग उठाई है।