पंचायत नीन के धार गांव की घटना, ग्रामीणों ने मिलकर आग पर पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। ग्रामीण मंडल की ग्राम पंचायत नीन में एक परिवार की होली की खुशियां गम में बदल गई। यहां गांव अयोग धार में रविवार को हरिदास के घर में शाॅर्ट सर्किट से घर में आग लग गई। हादसे के समय मकान मालिक हरिदास सामान की खरीदारी करने के लिए शिमला गए थे। वहीं उनकी पत्नी पशु चराने गईं थी। इसी बीच शाॅर्ट सर्किट से मकान में आग लग गई। मकान से धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। जब तक परिवार और ग्रामीण कुछ कर पाते, तब तक मकान की ऊपरी मंजिल जल चुकी थी। इस दौरान लोगों ने आनन-फानन में घर का सामान बाहर निकाला। बावजूद इसके अन्य कीमती सामान आग की चपेट में आकर जल गया। नीन पंचायत के प्रधान बलदेव सिंह वर्मा ने सूचना मिलते ही मौके का जायजा लिया और विभाग को सूचित किया। इसके बाद शिमला से अग्निशमन की गाड़ी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। आग से करीब 3 लाख रुपये की
संपत्ति के नुकसान का आकलन लगाया गया है। प्रशासन ने प्रभावित परिवार को 10,000 रुपये फौरी राहत प्रदान की है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।