चौपाल (रोहड़ू)। उपमंडल चौपाल में बीते कई दिनों से बारिश का कहर जारी है। हालत यह है कि भारी बारिश का कहर थमने के बजाय बढ़ता जा रहा है। इससे लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। चौपाल मुख्यालय के समीप प्रेमनगर में स्थित आंबेडकर भवन भारी बारिश के चलते खतरे की जद में आ गया है।
भवन के नीचे की जमीन खिसक गई है। इससे भवन के ढहने का खतरा बढ़ गया है। भवन के फर्श पर गहरी दरारें आ गई हैं। अनुसूचित जाति संगठन चौपाल के अध्यक्ष संतराम गाजटा ने बताया की लोक निर्माण की लापरवाही के चलते भवन को खतरा पैदा हो गया है।
उन्होंने कहा कि अगर लोक निर्माण विभाग ने भवन के सामने समय रहते सुरक्षा दीवार लगाई होती तो भवन को कोई खतरा नहीं होता। उन्होंने सरकार से मांग की कि शीघ्र भवन के नीचे दीवार लगाकर भवन को सुरक्षित किया जाए।