अस्पताल पहुंच रहे 50 प्रतिशत मरीज खांसी, जुकाम और संक्रमण से पीड़ित, बीमारियों का बढ़ा खतरा
आयुर्वेदिक अस्पताल रामपुर में रोजाना पहुंच रहे 150 मरीज, बारिश बर्फबारी न होने से त्वचा संक्रमण के बढ़ रहे मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। समय पर बारिश और बर्फबारी न होने से क्षेत्र में खुश्क ठंड पड़ रही है। इस वजह से लोग वायरल की चपेट में आ रहे हैं। रामपुर के आयुर्वेदिक अस्पताल की बात करें तो यहां पहुंचने वाले आधे से ज्यादा मरीज खांसी, जुकाम और संक्रमण से ग्रस्त हैं। बारिश और बर्फबारी के न होने से त्वचा संक्रमण के मामले भी सामने आ रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक पर्यावरण संतुलन, बेहतर फसल उत्पादन और बीमारियों से निजात दिलाने के लिए इस समय बर्फबारी और बारिश की खासी दरकार है। इन दिनों रामपुर और आसपास के इलाकों में खुश्क ठंड से बीमारियों का खतरा बना हुआ है। आयुर्वेदिक अस्पताल रामपुर में रोजाना 150 फीसदी मरीज खांसी, जुकाम, बुखार और त्वचा रोग से जुड़ी बीमारियों के पहुंच रहे हैं। ओपीडी में सर्दी से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। आयुर्वेदिक अस्पताल रामपुर की ओपीडी में रोजाना 50 प्रतिशत मरीज खांसी, बुखार और त्वचा संक्रमण से पीड़ित हैं। वहीं आयुष और स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को खुश्क ठंड से बचने के लिए विभिन्न उपाय सुझाए गए हैं।
इनसेट
ठंडे पानी को पीने से बचें, गर्म कपड़े पहनें : डॉ नीतू
आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी रामपुर डॉ. नीतू ने बताया कि बारिश न होने के कारण खुश्क ठंड हो रही है। इसके चलते खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन बीमारियों से ग्रसित मरीज को मास्क पहनकर ही बाहर जाना चाहिए, क्योंकि संक्रमण एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को आसानी से चपेट में ले लेता है। उन्होंने कहा कि त्वचा संक्रमण में खुजली होना, त्वचा में रुखापन और त्वचा में एलर्जी होने जैसे मामले अधिक आ रहे हैं। बड़े लोगों के साथ-साथ छोटे बच्चों में गले की सूजन आना, खाना न खा पाना और गले में भारीपन की बीमारी हो रही है। उन्होंने कहा कि सर्दी में रोगों से बचाव के लिए ऊनी कपड़े पहनने, स्वस्थ आहार का सेवन करने, ठंडे पानी के सेवन से परहेज करें और गुनगुने पानी का ही उपयोग करें। गर्म दूध में हल्दी डालकर पीएं, खानपान का विशेष ध्यान रखें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनकर जाएं। उन्होंने कहा कि लोग आयुष काड़े का सेवन भी कर सकते हैं। इसके अलावा बाहर से घर आने पर नमक के गरारे करें और सुबह बाहर जाने से पहले नाक में दो बूंद सरसों के तेल की डालें।