रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश सरकार ने रामपुर खंड के चार प्राइमरी और चार माध्यमिक स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी किए हैं। इन स्कूलों में बीते तीन सालों से एक भी विद्यार्थी ने दाखिला नहीं लिया था। स्कूलों में बच्चों की संख्या शून्य होने के चलने के चलते सरकार ने यह फरमान जारी किया है।
अब इन स्कूलों को अन्य नजदीकी स्कूलों के साथ सामायोजित किया जाएगा। जानकारी के अनुसार जीरो दाखिले वाले प्राथमिक स्कूलों में चौका बाल्टीधार, पेई, लटेला, पैलन शामिल हैं। वहीं चार माध्यमिक स्कूलों में खखरोला, ब्रांदली, सनाथली और बशड़ी स्कूल को बंद करने का फैसला लिया गया है।
गौर हो कि उपमंडल के कई स्कूलों में स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या ज्यादा है जबकि यहां शिक्षकों की कमी चल रही है। वहीं नाममात्र संख्या वाले स्कूलों में शिक्षक सेवाएं दे रहे हैं। प्रदेश सरकार की कोशिश है कि ऐसे स्कूलों को बंद करके अधिक संख्या वाले स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती की जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिल सके।
बीपीईओ रामपुर हेमलता ने बताया कि इन स्कूलों में बीते तीन सालों से एक भी विद्यार्थी ने दाखिला नहीं लिया था। इसको देखते हुए प्रदेश सरकार ने रामपुर के चार प्राइमरी और चार माध्यमिक पाठशालों को बंद करने के आदेश जारी किए हैं।