रामपुर कॉलेज में सड़क सुरक्षा क्लब की तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन
दुर्घटना होने पर घायलों को उपचार के लिए पहुंचाएं अस्पताल
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज रामपुर में रोड सेफ्टी क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय जागरुकता अभियान बुधवार को संपन्न हुआ। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसमें पोस्टर मेंकिंग प्रतियोगिता में शालिनी ने पहला, प्रिया ने दूसरा और रितिका ने तीसरा स्थान पाया। नारा-लेखन में वंशिका ने पहला, स्मृति ने दूसरा और कुसुम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। डेक्लेमेशन में कनिका ने पहला, हिमालयन ने दूसरा और रिया चौहान ने तीसरा, कविता स्पर्धा में साक्षी ने पहला, शिवानी ने दूसरा और स्मृति ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रश्नोत्तरी स्पर्धा में ऋषभ ने पहला, सुमीता ने दूसरा और पायल तीसरे स्थान पर रहीं। समापन समारोह में कॉलेज प्राचार्य डॉ. पंकज बसोटिया बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। इस मौके पर उन्होंने कहा की हम रोज समाचार पढ़ते रहते हैं कि सड़क दुर्घटनाओं में कितने लोग मारे गए, कितने घायल हुए। आज कल एक नया चलन चला है कि लोग वीडियो बनाने लगते हैं, हमें इससे बचना चाहिए, हमें संवेदनशील बनना होगा। विशेष कर युवाओं को, जो देश का भविष्य है। हमें प्रयास करना चाहिए कि जिन्हें हमारी मदद की दरकार है, उनकी पहले हम सहायता करें, जिनका जीवन बच सकता है, उसे बचाने का प्रयास करें। सभी को जागरुकता और सतर्कता रखना आवश्यक है।
दुर्घटना में घायलों की करें मदद : शिवानी महला
कार्यक्रम में डीएसपी रामपुर शिवानी महला बतौर स्रोत व्यक्ति उपस्थित रहीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में सड़क सुरक्षा क्लब गठित करने का उद्देश्य सड़क दुर्घटना से मृत्यु दर में कमी लाना है। जब कोई दुर्घटना हमारे आसपास हो जाती है, तो जो लोग देख रहे हैं या वहां से गुजर रहे हैं, वे उनकी सहायता करें। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीक के अस्पताल तक पहुंचाने का प्रयास करें। आप सभी विद्यार्थी यह जागरुकता अपने तक ही न रखकर आसपास के लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को जानकारी दी कि दुर्घटना किन कारणों से ज्यादातर होती है, इससे कैसे बचा जा सकता है और अगर दुर्घटना हो जाती है तो प्रबुद्ध और संवेदनशील नागरिक होने के नाते हम किस तरह से सहायता कर सकते हैं। इस मौके पर उपप्राचार्य डॉ. विद्या बंधु नेगी, डॉ. अनुराधा नेगी कनैन, डॉ. जीवन मसोई, डॉ. शिवाली ठाकुर, प्रो. ईश्वर नेगी, प्रो. कपूर चंद नेगी, प्रो. अजेंद्र नेगी, प्रो, कृष्ण कुमार नेगी और प्रो. हीरा भगति सहित अन्य मौजूद रहे।